
झारखंड में आधार कार्ड (Aadhaar Card) से जुड़ी सेवाएं अब पहले से कहीं अधिक सहज और सुलभ हो गई हैं। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी यूआइडीएआइ (UIDAI) ने राज्य के हर जिले में आधार सेवा केंद्र खोलने का ऐलान किया है। इस कदम से अब लोगों को आधार अपडेट, फिंगरप्रिंट सुधार, नाम या जन्मतिथि में बदलाव, फोटो अपडेट या पता परिवर्तित कराने जैसे जरूरी कामों के लिए रांची, जमशेदपुर या धनबाद जैसे बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना होगा।
लोगों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए लिया गया बड़ा निर्णय
UIDAI द्वारा लिए गए इस निर्णय का मूल उद्देश्य है आम जनता को आधार से जुड़े कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत देना। अब कोई भी व्यक्ति अपने जिला मुख्यालय में ही आधार से जुड़े सारे कार्य करवा सकेगा। यह निर्णय विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए राहतभरा है, जिन्हें अब अतिरिक्त यात्रा खर्च और समय की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
रांची के दो प्रमुख स्थानों पर पहले ही खुल चुके हैं केंद्र
राज्य की राजधानी रांची में यह व्यवस्था पहले से ही लागू हो चुकी है। रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल और कांटाटोली के इस्टेट प्लाजा में आधार सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन आधार से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। अब यह मॉडल राज्य के अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा।
बचत समय और पैसे की
झारखंड के हर जिले में आधार सेवा केंद्र की स्थापना से आम नागरिकों को न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि यात्रा पर होने वाले खर्चों से भी छुटकारा मिलेगा। पहले जब लोगों को आधार संबंधी किसी कार्य के लिए बड़े शहर जाना पड़ता था, तब उन्हें न केवल अतिरिक्त समय निकालना होता था बल्कि भोजन, यात्रा और ठहरने पर अतिरिक्त खर्च भी करना पड़ता था। साथ ही दूसरे शहरों में जाकर केंद्र का लोकेशन ढूंढना भी एक चुनौती होता था, जिससे समय की और हानि होती थी। अब यह सारी परेशानियां खत्म हो जाएंगी।
सातों दिन मिलेगी सेवा
यह भी एक बड़ा बदलाव है कि आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सभी सात दिन खुले रहेंगे। पहले आधार अपडेट का काम आमतौर पर बैंकों या पोस्ट ऑफिस जैसी जगहों पर होता था, जो सिर्फ ऑफिस आवर्स में ही सेवा देते थे। लेकिन आधार सेवा केंद्रों में यह सुविधा पूरे सप्ताह उपलब्ध होगी। इससे नौकरीपेशा या व्यस्त लोग भी अपनी सुविधा के अनुसार आधार से जुड़े कार्य निपटा सकेंगे।
सभी प्रकार के अपडेट होंगे संभव
इन सेवा केंद्रों पर 18 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों के लिए आधार में बायोमेट्रिक बदलाव (जैसे फिंगरप्रिंट), डेमोग्राफिक अपडेट (जैसे नाम, जन्मतिथि, पता), फोटो अपडेट, मोबाइल नंबर जोड़ने या हटाने जैसे सभी जरूरी सेवाएं प्रदान की जाएंगी। हर प्रकार का आधार अपडेट, चाहे वह तकनीकी हो या डेमोग्राफिक, अब जिले स्तर पर ही उपलब्ध होगा।